JAMUI HUNT MEDIA • लक्ष्मीपुर ( जमुई)| थाना क्षेत्र अंतर्गत दिग्घी पंचायत के सुखासन गांव के बहियार में हुए बज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। जिसमें एक महिला तथा एक छह वर्ष का बच्चा शामिल हैं। महिला का नाम सावित्री देवी पति स्व महेंद्र साह उम्र 50 वर्ष तथा बच्चे का नाम सुमित कुमार उर्फ अस्मित कुमार पिता मुकेश मरांडी बताया गया। दोनों सुखासन गांव के ही रहने वाले थे। घटना शुक्रवार संध्या चार बजे हुई। दोनों का घर आसपास ही है। घर से महज 100 मीटर की दूरी पर यह घटना घटी। जानकारी मिली है कि महिला अपने खेत में धान की रोपनी करा रही थी। लड़का परती भूमि में चर रहे बकरी को लाने गया था। इसी बीच हल्की आंधी के साथ बारिश आ गई, बारिश से बचने के लिए दोनों घर आ रहे थे। घर से सौ मीटर पर दोनों साथ हो गए. इसी दौरान वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में दोनों आ गए। दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। उधर , दोनों के परिजन का हाल रो रो कर बेहाल है। घटना की खबर थाना को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page